गणेश बन सकते हैं युकां के प्रदेश अध्यक्ष तो विमल सलाम होंगे राहुल गांधी की टीम में शामिल, होली के बाद दोनों होंगे दिल्ली रवाना

होली न्यूज दंतेवाड़ा। युवक कांग्रेस दंतेवाड़ा के लिए यह साल काफी खुशियों से भरा होने वाला है। राजधानी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दंतेवाड़ा युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तेज तर्रार नेता गणेश दुर्गा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बन सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि जिलाध्यक्ष गणेश लगातार स्थानीय मुद्दों पर अपनी आवाज बुंलद कर रहे हैं। अभी हाल में ऑपरेशन थियेटर जल्द शुरू करने गणेश ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसे लेकर युवा कांगे्रस के बड़े नेता गणेश से काफी खुश हुए थे। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने जिलाध्यक्ष गणेश दुर्गा को मिलने जल्द से जल्द दिल्ली बुलाया है। उम्मीद की जा रही है कि होली के बाद कभी भी गणेश दुर्गा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बन सकते हैं।
वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री विमल सलाम की भी किस्मत चमकी है। सूत्रों ने बताया कि विमल सलाम वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की टीम में शामिल हो सकते हैं। गणेश की तरह विमल सलाम की भी दिल्ली आलाकमान से बात हुई है, उन्हें भी गणेश के साथ दिल्ली बुलाया गया है। जानकारी देते हुए विमल सलाम ने बताया कि संगठन में काम करते हुए मुझे काफी समय बीत चुका है। छोटे से पद से शुरूआत कर मैंने अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था। हमारे नेता राहुल गांधी की टीम में शामिल होना मेरे लिए गर्व की बात है। विमल ने बताया कि होली के बाद दिल्ली में उनसे मुलाकात होगी उसके बाद जैसा हाईकमान का आदेश होगा उसी के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। दोनो खुशखबरी को लेकर युवा कांगे्रस सहित वरिष्ठ नेता में खुशी का माहौल है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि दंतेवाड़ा जैसे पिछले जिले में कार्य कर रहे नेताओं को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर कार्य करने का मौका मिलना हमारे जिले के लिए गर्व की बात है।
(होली न्यूज, बुरा ना मानो होली है…)